वाराणसी,
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने उत्तर प्रदेश में अपने संगठनात्मक विस्तार की औपचारिक शुरुआत कर दी है। पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रीति उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रप्रभा भाटिया के नेतृत्व में पार्टी प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएगी और आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटेगी।
इसी क्रम में वाराणसी के दुर्गाकुंड स्थित फौजदार आंध्र विद्यालय में महिला सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रप्रभा भाटिया मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। इस महिला सभा की संयोजिका सीमा कुमारी, प्रधान महासचिव, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) महिला मोर्चा रहीं।
सभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि महिला सशक्तिकरण लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की मूल प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को बढ़ाने के लिए पार्टी ठोस रणनीति के साथ आगे बढ़ेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को सदस्यता दिलाई जाए तथा बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश में एनडीए की सहयोगी घटक दल के रूप में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
पार्टी नेतृत्व ने बताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में जनसभाओं और संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। इसका उद्देश्य पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाना है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) उत्तर प्रदेश में एक मजबूत, प्रभावी और जनसमर्पित राजनीतिक शक्ति के रूप में उभरने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।









Users Today : 0
Users This Year : 24774
Total Users : 37367
Views Today :
Total views : 73529