वाराणसी। उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड वाराणसी द्वारा आयोजित खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी–2025 का आयोजन कैंट रोड स्थित हॉर्ट ग्राउंड, चौकाघाट में 20 से 29 दिसंबर तक किया जा रहा है। प्रदर्शनी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी रणजीत सिंह ने बताया कि 25 दिसंबर 2025 तक प्रदर्शनी में कुल 1 करोड़ 43 लाख रुपये की बिक्री दर्ज की गई है, जो खादी एवं ग्रामोद्योग परिवार के लिए उत्साहजनक है। प्रदर्शनी में खादी वस्त्रों एवं ग्रामोद्योग उत्पादों की जमकर खरीदारी हो रही है, वहीं उपभोक्ताओं को खादी पर 30 प्रतिशत तक की छूट का लाभ भी मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों के कारीगरों द्वारा उत्पादित खादी एवं ग्रामोद्योग सामानों की बिक्री बढ़ाकर उनकी आजीविका में सुधार करना है, जिससे महात्मा गांधी के स्वदेशी का सपना साकार हो सके। प्रदर्शनी में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसका दायित्व मां मुण्डेश्वरी म्यूजिक वाराणसी को सौंपा गया है।
प्रदर्शनी में वाराणसी सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों जैसे प्रतापगढ़, मीरजापुर, कुशीनगर, प्रयागराज सहित अन्य जिलों के पंजीकृत इकाइयों द्वारा कुल 125 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें 22 खादी और 103 ग्रामोद्योग के स्टॉल शामिल हैं। आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे स्वदेशी उत्पादों की खरीद कर देश को आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करें।











Users Today : 19
Users This Year : 24793
Total Users : 37386
Views Today : 49
Total views : 73578