चन्दौली मुगलसराय
महाबलपुर क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गंभीर जलजमाव की समस्या बनी हुई है। नालियां ओवरफ्लो होने के कारण गलियां पानी से भर गई हैं, जिससे स्थानीय निवासियों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
गली में जमा गंदा पानी लगातार बदबू फैला रहा है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इसके चलते क्षेत्र में बीमारियों के फैलने का खतरा पैदा हो गया है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, और कई लोग फिसलकर गिर भी चुके हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए कई बार अपने प्रतिनिधियों से शिकायत की है। हालांकि, नालियों की नियमित सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
श्याम दुलारी, सेचना देवी, छोटे लाल, अन्नू, दीपक और बिहारी सहित अन्य निवासियों ने प्रतिनिधि से तत्काल नाली की सफाई कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।
इस संबंध में प्रधान संजय कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को एक लिखित पत्रक दिया गया है। जिलाधिकारी ने जल्द ही समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







