चन्दौली अलीनगर थाना
क्षेत्र के बिलारीडीह नेशनल हाईवे पर शनिवार सुबह एक 55 वर्षीय अधेड़ का शव दिशा सूचक बोर्ड के खंभे से लटका मिला। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
जांच के दौरान मृतक की जेब से एक आधार कार्ड और कुछ नगदी बरामद हुई। आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान झारखंड के चतरा जिले के जोगियारा गांव निवासी कारू भारती (55) पुत्र फागु भारती के रूप में हुई।
अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडे ने बताया कि हाईवे पर गश्त कर रही टीम को शनिवार सुबह एक व्यक्ति के शव के दिशा सूचक बोर्ड के खंभे से लटके होने की सूचना मिली थी। मौके पर पाया गया कि मृतक ने अपने ही गमछे से फांसी लगाई थी।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।







