आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के जुनेदगंज बाइपास पर शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। बाइक से जा रहे रजनीश उर्फ राजू पांडेय (40) को अज्ञात बदमाशों ने नजदीक से गोली मार दी। वह जिला महिला अस्पताल में तैनात एएनएम रंजना पांडेय के पति थे।
गोली लगते ही रजनीश सड़क पर गिर पड़े और हमलावर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर एसपी डॉ. अनिल कुमार, सीओ सिटी शुभम तोदी और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
पत्नी रंजना ने कुछ लोगों पर जमीन विवाद के चलते धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस भी प्राथमिक जांच में जमीन विवाद की आशंका जता रही है।
आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है।

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी







