दिनांक 07.12.2025 को पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा शहर में कानून एवं शान्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा तैयारियों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया गया। एक राजनीतिक दल द्वारा बिना अनुमति प्रस्तावित प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने मौके पर तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया तथा सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

पुलिस कर्मियों को हेलमेट, डण्डा, बॉडी प्रोटेक्टर एवं असलहों के साथ तैयार रहने और आवश्यकता अनुसार बैरिकेडिंग, रस्से एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि ऐसी भीड़ में शामिल अराजकतत्वों की तुरंत पहचान कर गिरफ्तार किया जाए तथा उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए।
साथ ही उच्चाधिकारियों को क्षेत्र में सतत भ्रमणशील रहने, विभिन्न प्वाइंट्स पर तैनात बल के मनोबल को बढ़ाने और स्पष्ट दिशा-निर्देश उपलब्ध कराने हेतु कहा गया। पुलिस आयुक्त द्वारा यह भी दोहराया गया कि शहर की शान्ति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी प्रकार के जुलूस, रैली अथवा प्रदर्शन बिना पूर्व अनुमति पूर्णतया प्रतिबंधित हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।







