सुलतानपुर(ब्यूरो) गोरखपुर फैजाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी देवेन्द्र प्रताप सिंह ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने की मांग किया है। जिस पर उपमुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश निर्गत किए हैं। एमएलसी के इस पहल की क्षेत्रीय लोगों ने सराहना की है।
गौरतलब हो कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान अजय प्रताप सिंह पिंटू ने एमएलसी देवेन्द्र प्रताप सिंह को अवगत कराया की लंभुआ तहसील अंतर्गत गारवपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति अत्यंत दयनीय है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गारवपुर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ की दूरी लगभग 20 किलोमीटर होने के कारण आमजन को इलाज के लिए दर दर भटकना पड़ता है।
गारवपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग अत्यन्त जर्जर होने के कारण यहां पर कोई चिकित्सक निवास नहीं करता है।जिससे क्षेत्र के लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। गारवपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित कर दिया जाए तो आम जन को बेहतर सुविधाएं मुहैया हो सकेगी।
प्रकरण का संज्ञान लेते हुए एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गारवपुर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने का अनुरोध किया है ।जिस पर डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को कार्यवाही करने का निर्देश दिया है।







