चन्दौली डीडीयू नगर। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और प्रभारी मंत्री संजीव गोंड पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) पहुंचे। उन्होंने राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ दवा व्यापारी रोहिताश पाल के परिजनों से मुलाकात की।
गौरतलब है कि 17 अक्टूबर को अपराधियों ने रोहिताश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और विपक्षी दलों ने सरकार तथा चंदौली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे।
घटना को चार दिन बीत जाने के बाद भी अपराधी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है।
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने इस घटना को ‘काफी दुखद’ बताया। उन्होंने कहा कि इस मामले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विस्तृत चर्चा हुई है। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ है।
मंत्री राजभर ने यह भी कहा कि परिजन और चंदौली के निवासी जैसी कार्रवाई चाहते हैं, सरकार और प्रशासन वैसी ही कार्रवाई करेगा।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, मंत्री संजीव गोंड, राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह, जिला अध्यक्ष काशीनाथ सिंह, विधायक रमेश जायसवाल, राणा सिंह, मंडल अध्यक्ष कुंदन और विशाल तिवारी सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।







