वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होने वाले संभावित वीवीआईपी दौरे से पहले पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम शुरू कर दिए हैं। सोमवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने खुद मोर्चा संभालते हुए तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
आयुक्त ने सबसे पहले पुलिस लाइन पहुंचकर मुख्य द्वार, परेड ग्राउंड और हेलीपैड का निरीक्षण किया। सुरक्षा इंतज़ामों को खंगालते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और हर व्यवस्था मानक के हिसाब से होनी चाहिए।
इसके बाद उनका काफिला शहर के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों की ओर बढ़ा। चौकाघाट, धौसाबाद, ताज होटल और कचहरी चौराहे तक उन्होंने रूट मैप को बारीकी से परखा। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा घेराबंदी पर खास ध्यान दिया गया। पुलिस आयुक्त ने साफ कहा कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान भी आम जनता को दिक्कत नहीं होनी चाहिए और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं में कहीं रुकावट नहीं आनी चाहिए।
उन्होंने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, गश्त बढ़ाने और हर हाल में अलर्ट रहने का निर्देश दिया। इस निरीक्षण में पुलिस उपायुक्त प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर और सहायक पुलिस उपायुक्त ईशान सोनी समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस आयुक्त का यह निरीक्षण साफ संकेत देता है कि वाराणसी पुलिस किसी भी चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार है और वीवीआईपी दौरे के दौरान सुरक्षा चाक-चौबंद रहेगी।







