चन्दौली डीडीयू नगर
जायसवाल स्कूल के पास मंगलवार रात एक घर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस घटना में घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
आग लगने के समय गृहस्वामी मनोज तिवारी अपनी ड्यूटी पर थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर में ही मौजूद थे। आग की लपटें देख आसपास के लोगों ने तुरंत बिजली की सप्लाई बंद करवाई और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
आग से घर में रखा एसी, फ्रिज सहित लगभग दो लाख रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। गृहस्वामी के पुत्र शिवम ने बताया कि आग में शादी में मिला उनका कीमती सामान भी पूरी तरह से जल गया।
बताया गया है कि मनोज तिवारी ने अपने मकान में एक दुकान भी बना रखी थी। यह दुकान कुछ समय से बंद थी और उसमें भी घरेलू सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आ गया।







