वाराणसी
प्रत्येक मंगलवार की भांति वाराणसी कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने रामनगर के बटाऊबीर स्थित श्यामा उपवन में नियमित जनसुनवाई की।
इस दौरान दर्जनों की संख्या में स्थानीय नागरिक अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर विधायक जी के पास पहुंचे और अपनी बात रखी।

जनसुनवाई के दौरान सहोदरा देवी अपनी वृद्धावस्था पेंशन से जुड़ी समस्या लेकर पहुंचीं। विधायक ने उनकी समस्या का संज्ञान लेते हुए उसके निस्तारण की पहल की।
वहीं सुल्तानपुर कजरी निवासी लोगों ने सड़क पर हुए अतिक्रमण की समस्या से अवगत कराया। भीटी हनुमान मंदिर के पास हैंडपंप लगवाने की मांग भी स्थानीय नागरिकों ने रखी।
इसके अतिरिक्त बड़ी संख्या में लोगों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग करते हुए वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन से संबंधित समस्याएं विधायक जी के समक्ष रखीं।
इसी क्रम में कोदोपुर के पूर्णमासी और धीरेंद्र प्रताप सिंह ने छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए घाट की साफ-सफाई कराने तथा छठ घाट के निर्माण की मांग विधायक जी से की।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने आश्वस्त किया कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।







