विंध्याचल में 12 वर्षीय प्रिंस का अपहरण कर हत्या, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चाय की दुकान से बाइक सिखाने के बहाने ले गया था आरोपी, उसी शाम गला दबाकर की हत्या, कुशियरा जंगल में मिला शव

विंध्याचल (मीरजापुर), 11 नवंबर। थाना विंध्याचल क्षेत्र के सेमरी गांव निवासी केशव बिंद के 12 वर्षीय पुत्र प्रिंस बिंद का अपहरण कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मुठभेड़ के बाद आरोपी पिंटू उर्फ शैलेंद्र को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल मीरजापुर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 9 नवंबर को शाम करीब 4 बजे प्रिंस को बाइक चलाना सिखाने के बहाने अपने साथ ले गया था। प्रिंस के पिता की चाय की दुकान महाशक्ति इंटर कॉलेज के बगल में मीरजापुर प्रयागराज मार्ग पर स्थित है। परिजनों के अनुसार आरोपी पिछले कुछ दिनों से दुकान पर नियमित रूप से चाय पीने आता था और इसी दौरान उसने परिवार से जान पहचान बढ़ा ली थी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पैसे के लालच में बच्चे का अपहरण किया था। उसी दिन शाम करीब साढ़े 6 बजे उसने गला दबाकर बच्चे की हत्या कर दी और शव को लालगंज थाना क्षेत्र के कुशियरा जंगल में छिपा दिया था।

बच्चे के वापस न लौटने पर पिता केशव बिंद ने 10 नवंबर को थाना विंध्याचल में सूचना दी। इस पर मु0अ0सं0 313/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने अपहृत की बरामदगी और अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए 3 टीमों का गठन किया था।

पुलिस टीम को विवेचना के दौरान सूचना मिली कि घटना से संबंधित अभियुक्त लालगंज की तरफ से आ रहा है। इस पर थाना विंध्याचल प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह, चौकी प्रभारी गैपुरा विजय कुमार राय, चौकी प्रभारी अष्टभुजा चंद्रभान सिंह और चौकी प्रभारी धाम सुरक्षा अजय मिश्रा की टीम ने विजयपुर से लालगंज जाने वाली रोड पर चेकिंग शुरू की।

पुलिस के अनुसार, लालगंज की तरफ से आता एक व्यक्ति पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल कुशियरा जंगल की तरफ मोड़कर कुछ दूरी के बाद गाड़ी छोड़कर जंगल में घुस गया और पुलिस पार्टी पर जान मारने की नियत से फायर करने लगा। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ सीमित जवाबी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त गिरकर कराहने लगा। पास जाकर देखा गया तो उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी।

आरोपी की पहचान पिंटू उर्फ शैलेंद्र पुत्र मतांबर उर्फ लुद्दुर निवासी ग्राम पड़ैनिया कामापुर, थाना विंध्याचल के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह आज शव को छिपाने के लिए जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

आरोपी के पास से 1 अदद देशी तमंचा 315 बोर, 1 जिंदा व 2 खोखा कारतूस 315 बोर, घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और 1 मोबाइल बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ हत्या, अपहरण, लूट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे विंध्याचल, लालगंज, हंडिया और रायबरेली में दर्ज हैं।

इधर, बुधवार सुबह कुशियरा जंगल में शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सेमरी गांव के सामने मीरजापुर प्रयागराज मार्ग पर चक्का जाम लगा दिया। ग्रामीण उच्चाधिकारियों के मौके पर आने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया है। इस घटना के संबंध में थाना लालगंज पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

 

रिपोर्ट भोलानाथ यादव

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई