नगरीय पेयजल योजना में लापरवाही का मुद्दा मंत्री ए.के. शर्मा के समक्ष उठाया, अतहर अंसारी ने की मुलाकात

Picture of ancharroshniroshni@gmail.com

ancharroshniroshni@gmail.com

FOLLOW US:

Share

भदोही। नगर के विकास एवं नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के समाधान को लेकर नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती नरगिस अतहर अंसारी के पति अतहर अंसारी ने उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा जी से मुलाकात कर भदोही नगर की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।

 

मुलाकात के दौरान अतहर अंसारी ने विशेष रूप से भदोही में संचालित नगरीय पेयजल योजना का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मंत्री जी को अवगत कराया कि योजना के अंतर्गत नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई की गई है, लेकिन पाइपलाइन डालने का कार्य पूरा होने के बाद कई स्थानों पर सड़कों की समुचित मरम्मत नहीं कराई जा रही है।

 

उन्होंने बताया कि सड़कों की खुदाई के बाद उन्हें पूर्व की स्थिति में बहाल नहीं किए जाने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह खराब एवं क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को असुविधा हो रही है।

 

अतहर अंसारी ने मंत्री जी से मांग की कि जल निगम के संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया जाए कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए। साथ ही जिन स्थानों पर अभी तक सड़कें ठीक नहीं की गई हैं, वहां शीघ्र कार्य पूरा कराया जाए।

 

उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य जनता को सुविधाएं देना है, न कि विकास कार्यों के कारण आम नागरिकों को अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़े। पेयजल योजना निश्चित रूप से नगर के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके क्रियान्वयन के साथ सड़कों की बहाली और नागरिकों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए।

 

इसके अतिरिक्त मुलाकात में नगर की सड़क, नाली, जलनिकासी, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

 

अतहर अंसारी ने कहा कि भदोही नगर का सर्वांगीण विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसके लिए शासन स्तर पर आवश्यक सहयोग और संबंधित विभागों की जवाबदेही सुनिश्चित होना जरूरी है।

 

उन्होंने मंत्री श्री ए.के. शर्मा जी से आग्रह किया कि नगरीय पेयजल योजना के अंतर्गत पाइपलाइन डालने के बाद सड़कों की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता पर पूरा कराने के लिए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।

 

अतहर अंसारी ने कहा कि भदोही में विकास कार्यों के साथ-साथ जनता की सुविधाओं और समस्याओं का समाधान भी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

 

 

Riport farook jafri

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई