जमानियां (गाजीपुर) राष्ट्रीय महत्व के अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य जनगणना 2026-27 को लेकर जमानियां तहसील प्रशासन ने पूरी तरह से सख्त रुख अपना लिया है। प्रशिक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने और समय पर न पहुंचने वाले प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों के खिलाफ उपजिलाधिकारी (एसडीएम) निधि ने कड़ा एक्शन लेते हुए एक दर्जन से अधिक कार्मिकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।इस अचानक हुई सख्त कार्रवाई से प्रशासनिक अमले और प्रशिक्षण ले रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमानियां ब्लॉक क्षेत्र स्थित आईटीआई सभागार में प्रगणकों और सुपरवाइजरों का विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया जा रहा है। निरीक्षण और समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि कई नामित कर्मचारी निर्धारित समय पर प्रशिक्षण स्थल पर नहीं पहुंच रहे हैं। इसके अलावा, कुछ कर्मचारी इस राष्ट्रीय कार्य के प्रति उदासीनता और लापरवाही बरतते नजर आए।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम निधि ने संबंधित लापरवाह कर्मचारियों को नोटिस जारी कर तय समय सीमा के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। प्रशासन ने कड़ी चेतावनी दी है कि यदि कर्मचारियों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम निधि ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनगणना देश का एक अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य है, जिसकी सफलता पूरी तरह से जिम्मेदार और प्रशिक्षित कार्मिकों पर निर्भर करती है। देश के विकास की योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों की रूपरेखा और संसाधनों का सटीक वितरण इसी जनगणना के आंकड़ों पर तय होता है।
उन्होंने सभी नामित कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे भविष्य में समय से उपस्थित हों और पूरी गंभीरता व जिम्मेदारी के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें, अन्यथा किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को माफ नहीं किया जाएगा।






