पटेहरा
विकास खंड अंतर्गत अमोई पुरवा गांव के कचरिया में जन समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं को जमीनी स्तर पर परखने के उद्देश्य से चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व ऊर्जा राज्य मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने चौपाल के माध्यम से सीधे ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी एक-एक फरियाद को गंभीरता से सुना। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न मूलभूत समस्याओं, जैसे सड़क, पेयजल, बिजली, राशन और पेंशन से जुड़ी कठिनाइयों को विधायक के समक्ष रखा।
ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय विधायक व पूर्व ऊर्जा राज्य मंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने तत्काल संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का निस्तारण पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। विधायक ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने विधायक द्वारा की गई इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बाद उनकी समस्याओं का जल्द ही समाधान होगा।इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मनीष कुमार सिंह,रामबली सिंह,विपिन सिंह समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहें।







