KGMU में STF रिपोर्ट के बाद हड़कंप, 7 विभाग जांच के घेरे में: SGPGI के प्रोफेसर का भी नाम आया सामने, 6 नवंबर को कार्यपरिषद में होगा फैसला;

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

लखनऊ

किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में धर्मांतरण के कथित मामले में STF की जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की तैयारी तेज हो गई है।

STF रिपोर्ट के निष्कर्षों पर चर्चा के लिए 6 नवंबर को KGMU की आपात कार्यपरिषद की बैठक बुलाई गई है। बैठक में रिपोर्ट पर चर्चा के बाद संस्थान स्तर पर जांच कमेटी गठित करने का प्रस्ताव रखा जा सकता है। दोषी पाए जाने पर डॉक्टरों को बर्खास्त करने तक की कार्रवाई का अधिकार कार्यपरिषद को है।

7 विभागों के डॉक्टरों की भूमिका की होगी पड़ताल

STF रिपोर्ट में KGMU के पैथोलॉजी विभाग की एडिशनल प्रोफेसर डॉ. सुमैया कय्यूम की भूमिका का उल्लेख है। अब KGMU स्तर पर पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, रेडियोलॉजी, मेडिसिन और इमरजेंसी मेडिसिन समेत सात विभागों की पड़ताल कराई जा सकती है। जांच के दायरे में विश्वविद्यालय प्रशासन की भूमिका भी रहेगी।

SGPGI के प्रोफेसर का भी STF रिपोर्ट में जिक्र

रिपोर्ट में SGPGI के हेमेटोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. खलीकुर्रहमान, जो डॉ. सुमैया कय्यूम के पति हैं, का भी नाम सामने आया है। इसके अलावा रेडियोलॉजी में तैनात एक अन्य डॉक्टर की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। रिपोर्ट में आरोप है कि संबंधित डॉक्टर धर्म विशेष के मरीजों को जांच और इलाज में प्राथमिकता देते थे। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र संस्थागत जांच होनी बाकी है। STF ने KGMU के हिंदू रेजिडेंट डॉक्टरों के बयान पहले ही दर्ज किए हैं, अब SGPGI के रेजिडेंट डॉक्टरों के बयान दर्ज करने की तैयारी है।

निजी मेडिकल संस्थानों में निवेश और महिला डॉक्टरों की शिकायतें भी जांच में

रिपोर्ट में कुछ डॉक्टरों के लखनऊ के एक निजी मेडिकल संस्थान में आर्थिक निवेश और एक अन्य निजी विश्वविद्यालय से जुड़े संपर्कों का भी ब्योरा दिया गया है।

वहीं, महिला डॉक्टरों द्वारा पहले की गई उत्पीड़न और परेशानियों से संबंधित शिकायतों को भी अहम माना जा रहा है। आरोप है कि शिकायतों के बाद भी संस्थान प्रशासन ने समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की। अब संस्थागत जांच में यह भी देखा जाएगा कि शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने क्या कदम उठाए और देरी के लिए कौन जिम्मेदार था।

KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि 6 नवंबर की बैठक में STF रिपोर्ट के आधार पर आगे के निर्णय लिए जाएंगे।

 

रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला

Leave a Comment