चन्दौली
पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन चन्दौली में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के नेतृत्व में शहीद पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।
एसपी आकाश पटेल ने पुलिसकर्मियों को शहीद जवानों की शौर्य गाथा से अवगत कराते हुए कहा कि मातृभूमि की रक्षा और अपने दायित्वों के निर्वहन में प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का बलिदान सदैव पुलिस बल को कर्तव्य के प्रति निष्ठावान रहने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करने का आह्वान किया।

पुलिस विभाग के अनुसार, 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में 154 पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राण न्योछावर किए। इनमें उत्तर प्रदेश के छह पुलिसकर्मी उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, आरक्षी अशोक कुमार, आरक्षी प्रदीप कुमार, फायर सर्विस चालक तीर्थपाल सिंह और फायरमैन रोहित कुमार यादव शामिल हैं।
गौरतलब है कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले का मुकाबला करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 वीर जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं के बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन सतीश चन्द्र शुक्ला, क्षेत्राधिकारी लाइन डॉ. चारू द्विवेदी, सीओ सदर नामेन्द्र कुमार, सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह, सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा, सीओ कार्यालय संजय राय, सीओ चकिया अजीत सिंह चौहान, प्रतिसार निरीक्षक वेदमणी मिश्र सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
सभी ने शहीद जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया।







