मीरजापुर। बरियाघाट श्रीरामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित पूर्वांचल प्रसिद्ध विजयादशमी मेला का भव्य समापन हुआ। इस दौरान लगभग 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने नयनाभिराम झांकियों के दर्शन किए।
मेले का मुख्य आकर्षण पंचमुखी महादेव जी महाराज का अद्भुत श्रृंगार रहा। इसके अलावा रामटेक मंदिर पर श्री राम दरबार, श्री शीतला माता मंदिर की भव्य सजावट, सुग्रीव दरबार, अशोक वाटिका, रावण दरबार, सोमनाथ मंदिर, वन विहार, नारी शक्ति, बजरंग बली द्वार, भैरव गुफा व माता का दरबार, जय गणेश देवा, मीराबाई की भक्ति, बांके बिहारी, द्वादश ज्योतिर्लिंग, कुचिपुड़ी नृत्य, अदलपुरा की शीतला माता और दक्षिणेश्वर काली माता की झांकियां श्रद्धालुओं के लिए आस्था और आकर्षण का केंद्र रहीं।
यह मेला नहीं महामेला है – मालिनी चौधरी
समारोह की मुख्य अतिथि साहित्यकार भारतेंदु हरिश्चंद्र की प्रपौत्र वधू मालिनी चौधरी ने कहा कि यह मेला नहीं, महामेला है। उन्होंने कहा कि यूपी के किसी भी दशमी मेले में इतनी अपार भीड़ नहीं देखी। मात्र 7-8 घंटे में 20 लाख भक्तों का सुव्यवस्थित दर्शन करना महादेव जी की कृपा से ही संभव हो रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में रामायण और महाभारत दो प्रमुख ग्रंथ हैं। परिवार और समाज में कर्तव्य का पालन सीखना है तो रामायण को आत्मसात करना होगा, और यदि केवल अधिकार की बात करेंगे तो महाभारत जैसी स्थिति उत्पन्न होगी। इसलिए समाज को रामायण के चरित्रों को अपनाना चाहिए।
अतिथियों का सम्मान
इस अवसर पर मुख्य अतिथि मालिनी चौधरी के साथ विशिष्ट अतिथि महिला प्रबोधिनी संस्थान की नंदनी मिश्रा, ज्ञानेंद्र कॉलेज की डायरेक्टर शीला सिंह, बिनानी कॉलेज की पूर्व प्रिंसिपल प्रो. बीना सिंह और सौंदर्य विशेषज्ञ कामिनी पांडे को कमेटी की अध्यक्ष रितु केसरी एवं वरिष्ठ महिला पदाधिकारियों ने माल्यार्पण, अंगवस्त्रम और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।
कमेटी की अध्यक्ष रितु केसरी और महामंत्री संतोष ऊमर ने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मेले को सफल बनाने में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर पालिका परिषद, बिजली विभाग और पत्रकार बंधुओं का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर कोषाध्यक्ष रवींद्र कुमार गुप्ता, आकाश दुबे, सत्येंद्र कुमार पांडे, विमलेश अग्रहरि, समीर वर्मा, विपिन पुजारी, भावना बरनवाल, बीना बरनवाल, समर चंद शर्मा, गीता केसरवानी, स्वाति केसरवानी, शोभा रानी, अनीता केसर, अर्चना गुप्ता, रुबी गुप्ता, शिखा अग्रवाल, राधेश्याम गुप्ता, रेखा खत्री, सीमा खत्री, सरिता गुप्ता, सनत केसरी, सतीश चंद्र सर्राफ, हिमांशु, धर्मेंद्र, सुमित जायसवाल, हार्दिक केसरी, विशाल पांडे, अंशुल मिश्रा, वैभव मिश्रा, अरविंद तिवारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







