चन्दौली शहाबगंज
पुलिस ने चेकिंग के दौरान गोवंशों की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पिकअप वाहन में लादकर ले जाए जा रहे दो गोवंशों को बरामद किया है। मौके से एक पिकअप वाहन भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सेमरा चौराहे से करीब 150 मीटर उत्तर ईदगाह अमरसीपुर जाने वाले मार्ग पर पिकअप वाहन संख्या UP67AT3897 में दो गोवंश लदे मिले। पुलिस ने मौके से जयप्रकाश उर्फ बबलू (42 वर्ष), निवासी बुढ़मांव, थाना शहाबगंज, जनपद चंदौली को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में बिहार ले जाकर बेचने की बात
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह कम कीमत पर गाय और बछड़ों को खरीदकर अपने पास रखता था। इसके बाद उन्हें पिकअप में लादकर सेमरा और इलिया के रास्ते बिहार ले जाता था, जहां अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना शहाबगंज में मुकदमा अपराध संख्या 127/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5ए/5बी/8 में अभियोग पंजीकृत किया है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रभुनाथ यादव और होमगार्ड कमलेश कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करने के लिए भेजने की बात कही है।
बरामदगी: दो गोवंश और एक पिकअप वाहन।







