जन भवन में महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से मिला रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ का प्रतिनिधिमंडल

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ के प्रतिनिधिमंडल ने 16 अक्टूबर 2026 को लखनऊ स्थित जन भवन का भ्रमण किया तथा उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल महामहिम आनंदीबेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने समाज के वंचित वर्गों, विशेषकर गरीब एवं झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले बच्चों की शिक्षा, संस्कार और सर्वांगीण विकास के विषय में विस्तार से अपने विचार साझा किए।

अपने उद्बोधन में महामहिम आनंदीबेन पटेल ने कहा कि समाज के गरीब और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि बच्चों की शिक्षा-दीक्षा, व्यक्तित्व निर्माण और उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के सक्षम लोगों एवं सामाजिक संस्थाओं को आगे आकर सार्थक प्रयास करने चाहिए।

राज्यपाल ने जन भवन में विगत तीन-चार वर्षों के दौरान किए गए व्यापक विकास एवं कायाकल्प के कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि परिसर को शिक्षा, संस्कार, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनाने की दिशा में अनेक पहल की गई हैं। यहां लगभग 500 बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था, पंचतंत्र की कहानियों पर आधारित आकर्षक पार्क, चारों धाम की अवधारणा पर आधारित पार्क तथा विभिन्न विषयों पर विकसित गैलरियां विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और जीवनोपयोगी ज्ञान से जोड़ना है।

इस अवसर पर रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ की पत्रिका ‘नॉर्थ स्टार’ का विमोचन भी किया गया। इसके साथ ही क्लब के सचिव रोटेरियन डॉ. राकेश जायसवाल द्वारा लिखित पुस्तक ‘वेदना: दार्शनिक, आयुर्वेदिक और आधुनिक परिप्रेक्ष्य’ तथा क्लब के सदस्य रोटेरियन अनिल केसरी द्वारा रचित पुस्तक ‘काशी के 21 अल्पज्ञात मंदिर’ का भी विमोचन हुआ। इन पुस्तकों के विमोचन ने कार्यक्रम को साहित्यिक, बौद्धिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व प्रदान किया।

कार्यक्रम के संयोजक रोटेरियन सतीश जैन रहे। आयोजन को सफल बनाने तथा जन भवन में इस महत्वपूर्ण मुलाकात को साकार करने में रोटेरियन अनिल नारायण किंजावड़ेकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन अशोक सुल्तानिया, सचिव रोटेरियन डॉ. राकेश जायसवाल, रोटेरियन सुरेश खंडेलवाल, रोटेरियन राकेश रस्तोगी, रोटेरियन नीरज अग्रवाल, रोटेरियन डॉ संजीव शर्मा, रोटेरियन आतिस अग्रवाल, रोटेरियन रोली अग्रवाल, रो अमित गुप्ता,रो अभिषेक गोयल सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

यह भ्रमण रोटरी क्लब वाराणसी नॉर्थ के सदस्यों के लिए प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक अनुभव रहा। राज्यपाल के विचारों से प्रेरणा लेते हुए समाज के वंचित और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, संस्कार एवं सर्वांगीण विकास के लिए सामाजिक संस्थाओं की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने का संदेश मिला।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई