गोरखपुर। गोरखपुर के चौरीचौरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में झंगहा थाने में तैनात सिपाही अर्जुन गौड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
कैसे हुआ हादसा –
मूल रूप से बलिया निवासी अर्जुन गौड़ पुत्र तेज प्रताप गौड़ झंगहा थाने में कांस्टेबल पद पर तैनात थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह चौरीचौरा स्थित सीओ कार्यालय से महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज लेकर बाइक से झंगहा थाने लौट रहे थे।
जैसे ही वह देवीपुर गांव के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में मृत घोषित –
सूचना पर चौरीचौरा पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें एम्स अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे।
परिवार में कोहराम –
सिपाही का परिवार चौरीचौरा थाना परिसर के सरकारी आवास में ही रहता था। वह 2 साल तक चौरीचौरा थाने में तैनात रहे थे, एक साल पहले ही झंगहा तबादला हुआ था। मौत की खबर से पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस कार्रवाई –पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश में दबिश दे रही है।







