गोरखपुर। गोरखपुर-लखनऊ फोरलेन पर सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। सहजनवा में लगने वाले भीषण जाम से जल्द ही राहत मिलने वाली है। इसके लिए करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से 4.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाया जाएगा।
यह फ्लाईओवर गैलेंट इस्पात के गेट से शुरू होकर कालेसर गांव में ग्राहक सेवा केंद्र तक बनाया जाएगा। इसे 68 पिलरों पर खड़ा किया जाएगा। इससे कालेसर जीरो पॉइंट से रहीमाबाद की ओर आने-जाने वाले लोगों का सफर आसान हो जाएगा।
कैसा होगा फ्लाईओवर –
परियोजना के तहत 2 किलोमीटर हिस्सा 4 लेन और थाना तिराहे से कालेसर गांव के पहले तक करीब 2.5 किलोमीटर हिस्सा 6 लेन का बनाया जाएगा। इससे वाहनों को निकलने के लिए ज्यादा जगह मिलेगी।
स्थानीय लोगों के लिए सर्विस रोड –
– थाना तिराहे से कालेसर गांव तक दोनों तरफ 11-11 मीटर चौड़ी सर्विस रोड
– गैलेंट इस्पात गेट से थाना चौराहे तक 7.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड
– साथ में 1.5 मीटर चौड़ी नाली भी बनेगी
– जिगना पुल इस परियोजना में शामिल नहीं है
रोशनी और हरियाली भी –
फ्लाईओवर पर रात में सफर सुरक्षित करने के लिए स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी और दोनों किनारों पर पौधारोपण भी किया जाएगा।
NHAI के परियोजना प्रबंधक अंकित कुमार के मुताबिक जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। फ्लाईओवर बनने से गोरखपुर-लखनऊ के बीच यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय कारोबार और विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।







