मिर्जापुर। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने मंगलवार विंध्याचल पहुंचकर मां विंध्यवासिनी देवी का दर्शन-पूजन किया। पूजन के उपरांत उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित जनसभा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
प्रभारी मंत्री नंदी ने सबसे पहले मां विंध्यवासिनी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे सीधे कालीखोह मंदिर मोड़ विंध्याचल स्थित जनसभा स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि
जनसभा स्थल पर सभी व्यवस्थाए, पंडाल में श्रद्धालुओं/कार्यकर्ताओं के बैठने, पेयजल और गर्मी को देखते हुए पर्याप्त व्यवस्था ,सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे और यातायात रूट प्लान पहले से तैयार रखा जाए।मंच की व्यवस्था दुरुस्त हो और ध्वनि विस्तारक यंत्र (साउंड सिस्टम) , पार्किंग व्यवस्था की जांच करा ली जाए।
उन्होंने जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक से कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में किसी भी प्रकार की शिथिलता न होने पाएं। इस अवसर पर नगर विधायक रत्नाकर मिश्र,जिलाध्यक्ष भाजपा लालबहादुर सरोज व अन्य पदाधिकारी और जिला प्रशासन के सभी अधिकारी मौजूद रहे।







