लखनऊ, 13 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि की तृतीया पर मां चंद्रघंटा की आराधना करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार की हर पहल नारी के सम्मान, स्वाभिमान और गरिमापूर्ण जीवन के लिए समर्पित है।
मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नारी शक्ति के तेज, गरिमा और अदम्य साहस की प्रतीक मां चंद्रघंटा का दिव्य स्वरूप हमें संदेश देता है कि नारी की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान ही सशक्त और समृद्ध समाज का आधार है। इसी भावना को आत्मसात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार सुशासन के माध्यम से नारी सशक्तीकरण के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।
2017 से पहले अराजकता ने महिलाओं की सुरक्षा पर लगाया था ग्रहण
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में फैली अराजकता ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पर ग्रहण लगा रखा था। उस समय माताओं-बहनों के सशक्तीकरण के बजाय सत्ताधीशों के परिवारों का सशक्तीकरण ही मुख्य उद्देश्य था।
सरकार की योजनाओं का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से बेटियों के अस्तित्व की रक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूकता, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से उनके उज्ज्वल भविष्य को संबल, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से विवाह को गरिमापूर्ण आधार दे रही है।
इसी तरह प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मातृत्व को सहारा, उज्ज्वला योजना से धुएं से मुक्ति, इज्जत घर से गरिमा की रक्षा, घरौनी योजना से संपत्ति का अधिकार, 60 वर्ष से कम अधिक आयु की महिलाओं के लिए आजीवन निःशुल्क बस यात्रा और वृद्धावस्था पेंशन के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।







