मीरजापुर | जनपद न्यायाधीश अनुपम कुमार व जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने संयुक्त रूप से राजकीय संप्रेषण गृह किशोर मीरजापुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय प्रभारी सहायक अधीक्षक व पालीवार कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान संस्था में कुल 87 संवासी किशोर आवासित पाए गए, जिनमें जनपद मीरजापुर के 46, सोनभद्र के 21, भदोही के 19 व अन्य जनपद का एक किशोर शामिल है। संस्था में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
संस्था में आवासित किशोरों को कक्षा 5 से 8 तक बेसिक शिक्षा विभाग तथा कक्षा 9 से 12 तक माध्यमिक शिक्षा विभाग से संबद्ध शिक्षकों द्वारा पढ़ाया जा रहा था। भोजन के संबंध में पूछे जाने पर प्रभारी सहायक अधीक्षक ने बताया कि किशोरों को तय सूची के अनुसार नाश्ता व भोजन दिया जाता है।

निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश व जिलाधिकारी ने प्रभारी सहायक अधीक्षक को निर्देश दिया कि संस्था में आवासित किशोरों को नियमानुसार सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही किशोरों का नियमित चिकित्सकीय परीक्षण कराने, परामर्श सुविधा देने तथा जिन मामलों में किशोरों की पैरवी के लिए अधिवक्ता उपलब्ध न हो, उन्हें निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राहुल कुमार, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार द्वितीय, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड विजय शंकर गौतम, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह व जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल सोनकर उपस्थित रहे।







