पुलिसकर्मियों से मारपीट का आरोपी गिरफ्तार

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

गोरखपुर। मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ 28 सितंबर को हुए विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा और यातायात व्यवस्था बाधित करने के मामले में कैंट पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिविशाल उर्फ कोदई तिवारी पुत्र रामराज तिवारी, निवासी रुद्रपुर खजनी, थाना खजनी, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक 28 सितंबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के विरोध में प्रदर्शन और पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान कुछ लोग कथित तौर पर बिना अनुमति के नारेबाजी और धरना-प्रदर्शन करते हुए विस्मिल पार्क से बाहर निकलकर सड़क पर पहुंच गए। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर आने-जाने वाले वाहनों और एंबुलेंस को रोककर यातायात व्यवस्था बाधित कर दी तथा पुतला फूंकने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और प्रदर्शन समाप्त कर व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। आरोप है कि इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर पुलिस बल को पीछे से धक्का दिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने जान-माल की धमकी भी दी और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के संबंध में कैंट थाने में मु0अ0सं0 537/2026 दर्ज किया गया था। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 189(3), 191(2), 115(2), 352, 121(2), 221, 285 तथा 7 सीएलए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। बुधवार को पुलिस टीम ने हरिविशाल उर्फ कोदई तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई