गाजीपुर 22 सितंबर 2026 करंडा क्षेत्र के प्रतिष्ठित इंटरमीडिएट कॉलेज, गोशंदेपुर के दो मेधावी छात्रों का चयन प्रदेश माध्यमिक विद्यालयीय अंडर-14 वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे विद्यालय परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
हाल ही में चंदौली जनपद के धीना में मंडलीय माध्यमिक वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस रोमांचक प्रतियोगिता में गाजीपुर की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए परचम लहराया:
अंडर-14 वर्ग गाजीपुर की टीम ने मेजबान चंदौली की टीम को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
अंडर-19 वर्ग गाजीपुर की टीम ने जौनपुर की टीम को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
मंडलीय प्रतियोगिता के बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर इंटरमीडिएट कॉलेज गोशंदेपुर के छात्र रौनक चौरसिया तथा युवराज गोंड का चयन प्रदेश माध्यमिक विद्यालयीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता (अंडर-14) के लिए हुआ है। यह सफलता न सिर्फ गोशंदेपुर कॉलेज बल्कि पूरे करंडा क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण है।
विद्यालय के प्रबंधक विनीत सिंह ने दोनों चयनित छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों को वॉलीबॉल और कबड्डी जैसी खेल प्रतियोगिताओं के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि वे अपनी रुचि के खेल में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
प्रबंधक विनीत सिंह ने कहा की “विद्यालय परिवार की प्रेरणा और छात्रों की कड़ी मेहनत का ही परिणाम है कि हमारे बच्चों का चयन प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है। हमारे विद्यालय के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और प्रशिक्षण की आवश्यकता है, जिसे देने के लिए विद्यालय परिवार हमेशा तैयार है।”इस शानदार उपलब्धि पर प्रधानाचार्य, शिक्षकगणों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने दोनों खिलाड़ियों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं।







