वाराणसी
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में अपराध एवं चोरी-लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह के दौरान एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹3,50,160 नकद, चोरी की टीवीएस एक्सएल-100 मोपेड, दो फर्जी नंबर प्लेट, एक चोरी का कीपैड मोबाइल फोन तथा दो चाबियां बरामद की हैं।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी ज़ोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली एवं प्रभारी निरीक्षक रामनगर के कुशल नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को रात्रि गश्त एवं ऑपरेशन चक्रव्यूह के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की बिना नंबर प्लेट वाली मोपेड के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति विश्वामित्र नगर कॉलोनी क्षेत्र में भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान असलम पुत्र मरहूम अल्ला रखा (उम्र लगभग 40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में सुजाबाद, थाना रामनगर तथा स्थायी रूप से फेस-1, वीडीए कॉलोनी, चांदमारी, थाना शिवपुर, वाराणसी का निवासी है। अभियुक्त थाना रामनगर में दर्ज मु0अ0सं0-152/2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस में वांछित था।
बरामदगी में शामिल हैं:
– ₹3,50,160 नकद
– चोरी की टीवीएस एक्सएल-100 मोपेड
– दो फर्जी नंबर प्लेट
– एक चोरी का कीपैड मोबाइल फोन
– दो चाबियों का गुच्छा
पूछताछ में अभियुक्त ने कई अहम खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि लगभग एक माह पहले रामनगर की जनकपुर कॉलोनी में बंद पड़े एक मकान की पहले रेकी की और देर रात घर में घुसकर अलमारी एवं बक्से का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण तथा ₹30,000 नकद चोरी कर लिया था। उसने यह भी बताया कि वारदात को उसने अकेले अंजाम दिया था।
आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि चोरी किए गए सभी सोने-चांदी के आभूषण उसने बिहार के दुर्गावती में एक व्यक्ति को लगभग ₹4.50 लाख में बेच दिए। उसने बताया कि दुर्गावती में एक ज्वेलरी दुकान पर बातचीत के दौरान एक व्यक्ति से संपर्क हुआ, जिसने बाद में अपने माध्यम से नकद भुगतान कर उससे सभी आभूषण खरीद लिए। पुलिस अब उस व्यक्ति की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने तथा चोरी के आभूषण बरामद करने के प्रयास में जुटी है।
रामनगर पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को चोरी की घटनाओं के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई करते हुए अभियुक्त के अन्य आपराधिक इतिहास और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।










Users Today : 7
Users This Year : 24686
Total Users : 37279
Views Today : 12
Total views : 73320