चन्दौली डीडीयू नगर
अलीनगर थाना क्षेत्र के कैली गांव में प्रेम प्रसंग के चलते 15 वर्षीय किशोरी ने बुधवार की देर शाम आत्महत्या कर ली। दूसरे मंजिल के कमरे में पंखे के सहारे साड़ी का फंदा बनाकर उसने जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खिड़की तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
क्षेत्र के कैली गांव निवासी राम सुधार राम की 15 वर्षीय पुत्री साधना का गांव के ही एक लड़के से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसे लेकर कई बार दोनों परिवारों के बीच पंचायत भी हो चुकी थी। बुधवार को परिवार के सभी सदस्य नीचे वाले मंजिल में काम में व्यस्त थे।
इसी दौरान साधना दूसरे मंजिल के कमरे में चली गई और अंदर से ताला बंद कर साड़ी से फांसी का फंदा लगा लिया। काफी देर तक साधना का पता नहीं चलने पर परिजनों ने कमरा बंद देखा। दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोहे का दरवाजा न टूटने पर खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया । वहीं घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। इस संबंध में अलीनगर एसओ घनश्याम शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक जांच-पड़ताल की जा रही है।







