वाराणसी
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा- 2026 (यूपीटीईटी) जनपद के विभिन्न केंद्रों पर सकुशल संपन्न हुई।
इस दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शहर व आसपास के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा जिलाधिकारी फोन के माध्यम से भी पूरे जिले में हो रही परीक्षा पर नजर बनाए हुए थे।
दो, तीन और चार जुलाई तक, तीन दिनों तक चलने वाले इस परीक्षा में पहले दिन दो पालियों मे आयोजित हुई , जो 09:30 बजे से 12:00 और 02:30 से 05:00 बजे तक चली। इस परीक्षा में जनपद के विभिन्न 68 परीक्षा केन्द्रों पर 33139 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
जिलाधिकारी ने प्रथम पाली में सबसे पहले सुधाकर महिला पीजी कॉलेज पहुंचे और वहां स्टेटिक मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापक से परीक्षा से जुड़ी जानकारी ली और कंप्यूटर कक्ष में जाकर सभी कक्षों में संचालित सीसीटीवी कैमरों से निगरानी को लेकर आश्वस्त हुए कि सभी व्यवस्थाएँ मुकम्मल है।
इसके अलावा उनके द्वारा कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज, अर्दलीबाजार का भी निरीक्षण किया गया।बता दें कि परीक्षा को सकुशल व पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किया गया था।
सभी केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और सह केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती करते हुए पूरी सख्ती से परीक्षा कराने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए हैं।







