वाराणसी।
लंका थाना क्षेत्र के रविदास घाट पर बुधवार सुबह गंगा स्नान के दौरान 15 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान नगवां निवासी सिमरन साहनी के रूप में हुई है। उसके पिता भरत साहनी, जो काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में माली के पद पर कार्यरत हैं, ने बताया कि घटना के समय वह ड्यूटी पर गए हुए थे। घर लौटने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनकी बेटी बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी और रविदास घाट के पास गंगा किनारे पहुंच गई थी।

भरत साहनी ने बताया कि उनकी बेटी मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसका इलाज दो अलग-अलग स्थानों पर चल रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले कुछ समय में सिमरन तीन बार आत्महत्या का प्रयास कर चुकी थी, लेकिन हर बार लोगों ने समय रहते उसे बचा लिया था। बुधवार की सुबह वह चुपचाप घर से निकल गई और रविदास घाट से कुछ दूरी पर गंगा में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
परिजनों के अनुसार, उनका घर रविदास घाट से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। घर वालों को उसके बाहर जाने की जानकारी नहीं हो सकी। पड़ोसियों से सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य घाट पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घाट पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि किशोरी जब स्नान के लिए घाट पर पहुंची थी, तब उसे गंगा में उतरने से मना किया गया था। वह कुछ देर तक किनारे बैठी रही, लेकिन अचानक गंगा में उतर गई। जब वह डूबने लगी तो लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
लंका थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। हालांकि, तब तक किशोरी की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









Users Today : 2
Users This Year : 24776
Total Users : 37369
Views Today : 2
Total views : 73531