जौनपुर।
जिले में कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को शहर के कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दृष्टि IAS इंस्टीट्यूट में फायर सेफ्टी, इलेक्ट्रिकल वायरिंग, फायर अलार्म और इमरजेंसी एग्जिट व्यवस्था में गंभीर खामियां मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संस्थान को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से इस बात पर चिंता व्यक्त की कि संस्थान का मुख्य मार्ग बेसमेंट से होकर तीसरी मंजिल तक जाता है, जो किसी आपात स्थिति में छात्रों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी, लेकिन संस्थान को यह बताना होगा कि वह किन मानकों और अनुमतियों के आधार पर संचालित हो रहा है।
वहीं सक्सेस पाठशाला में सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। यहां दो एग्जिट गेट, आपातकालीन निकास मार्ग और फायर फाइटिंग सिस्टम पूरी तरह क्रियाशील पाए गए। भारत लाइब्रेरी में भी कुछ कमियां मिलने पर संचालकों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
डीएम सैमुअल पॉल एन. के निर्देश पर शाहगंज, बदलापुर समेत अन्य तहसीलों में भी संयुक्त जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि भवन निर्माण नियमों और अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









Users Today : 46
Users This Year : 24774
Total Users : 37367
Views Today : 70
Total views : 73529