चन्दौली।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। भरत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर शनिवार रात करीब 10 बजे नगर में सर्वसमाज के लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। मार्च में शामिल लोगों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर “भारत माता की जय”, “जय हिंद” और “भरत तिवारी अमर रहें” जैसे नारे लगाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि 28 वर्षीय भरत भूषण तिवारी समाजसेवा और गरीबों की मदद के लिए जाने जाते थे। कोरोना काल में उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक भोजन, दवाइयां और ऑक्सीजन पहुंचाने का कार्य किया था। वक्ताओं का आरोप था कि भरत तिवारी भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते थे और इसी कारण उन्हें न्याय नहीं मिल पाया।
सर्वसमाज की ओर से भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो सीबीआई जांच की मांग को और तेज किया जाएगा। साथ ही मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता, पांच करोड़ रुपये का मुआवजा तथा उनके भाई को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य संजय पांडेय ने कहा कि भरत तिवारी को न्याय मिलना चाहिए और केंद्र व बिहार सरकार को इस मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग दोहराई।
वहीं कांग्रेस जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि भरत तिवारी गरीबों और मजदूरों की आवाज उठाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही परिवार की सुरक्षा, आर्थिक सहायता और नौकरी की मांग भी की।
कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में सर्वसमाज के लोग शामिल रहे। सभी ने एक स्वर में भरत तिवारी को न्याय दिलाने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।









Users Today : 43
Users This Year : 24771
Total Users : 37364
Views Today : 66
Total views : 73525