वाराणसी न्यूज :
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश में अपराध और अपराधियों के प्रति अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। अधिकांश गंभीर अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है और अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है।
वाराणसी पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीजीपी ने बताया कि जनप्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में स्थानीय थाना स्तर, कमिश्नरेट स्तर तथा जनपदीय स्तर के विभिन्न पुलिस संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पिछले आठ-नौ वर्षों में प्रदेश पुलिस ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार प्रभावी कार्य किया है, जिससे आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
डीजीपी ने कहा कि महिला सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए मिशन शक्ति के तहत प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनके उत्साहजनक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में भर्ती किए गए 60,244 आरक्षी प्रशिक्षण के बाद जनपदों में तैनात किए जा चुके हैं। जनपदीय प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद वे थानों में नियमित पुलिसिंग कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे, जिससे पुलिस व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
यातायात प्रबंधन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि शहरों में ट्रैफिक जाम कम करने के लिए रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन (RTC) जैसी योजनाओं पर प्रभावी ढंग से कार्य किया जा रहा है। वहीं साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं में कमी तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं पर प्रदेशभर में योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाए जा रहे हैं।डीजीपी ने बताया कि वाहन चोरी और फ्लीट मैनेजमेंट से जुड़े मामलों में भी उत्तर प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है और लगातार कार्रवाई के चलते प्रदेश देश के टॉप-5 राज्यों में शामिल हुआ है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इन क्षेत्रों में और व्यापक अभियान चलाए जाएंगे।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तर प्रदेश पुलिस अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम और बेहतर यातायात व्यवस्था के क्षेत्र में निरंतर नए मानक स्थापित करेगी तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।इस अवसर पर वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, अपर पुलिस महानिदेशक जोन पीयूष मार्डिया भी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – विवेक कुमार यादव







