चन्दौली पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)
शुक्रवार की देर रात ब्लिंकिट के डिलीवरी राइडर्स ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। राइडर्स का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों में उनकी कमाई में भारी कटौती की गई है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
प्रदर्शन के दौरान राइडर राहुल मौर्य ने बताया कि पहले 3 किलोमीटर की डिलीवरी पर उन्हें लगभग 45 से 46 रुपये मिलते थे, लेकिन अब 3.5 से 4 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद भी केवल 30 से 32 रुपये ही दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इस संबंध में प्रबंधन से शिकायत की जाती है तो उन्हें केवल आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। राहुल ने यह भी कहा कि कमाई कम होने की बात उठाने पर उनकी आईडी होल्ड कर दी गई, जिसे तत्काल बहाल किए जाने की मांग की जा रही है।
वहीं, राइडर मनीष चौहान ने बताया कि कमाई में कटौती के अलावा राइडर्स को मूलभूत सुविधाओं की भी भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है और पार्किंग की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। राइडर्स को अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी करनी पड़ती है, जिसके कारण स्थानीय लोगों से विवाद और मारपीट जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
राइडर्स का आरोप है कि इन समस्याओं की शिकायत स्टोर मैनेजर से करने पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। उनका कहना है कि संबंधित स्टोर पर प्रतिदिन लगभग 300 से 400 राइडर्स काम करने पहुंचते हैं, जबकि हजारों आईडी पंजीकृत हैं, जिससे अव्यवस्था और बढ़ जाती है।
प्रदर्शन कर रहे राइडर्स ने मांग की है कि उनकी डिलीवरी अर्निंग बढ़ाई जाए, होल्ड की गई आईडी को पुनः सक्रिय किया जाए तथा पानी, पार्किंग और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। राइडर्स ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे सामूहिक रूप से काम बंद कर देंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे।







