गाजीपुर, 10 मार्च 2026–जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को राइफल क्लब सभागार में गोआश्रय स्थलों के संबंध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने गोआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए लापरवाही पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की।जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी तथा पशु चिकित्साधिकारी सदर द्वारा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने तक उनका वेतन बाधित करने के निर्देश दिए।
बैठक में गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के भरण-पोषण के लिए चारागाह की भूमि पर हरे चारे की बुवाई की समीक्षा की गई। जनपद की प्रगति अत्यंत कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए सभी उप जिलाधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को अभियान चलाकर एक सप्ताह के भीतर चारागाह की भूमि पर नेपियर घास लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित कर गोआश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंशों के लिए भूसा, हरा चारा और चोकर आदि की व्यवस्था मानक के अनुरूप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
साथ ही जिन गोआश्रय स्थलों पर हरा चारा उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल साइलेज की व्यवस्था करने के लिए कहा गया।जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को विकास भवन में कंट्रोल रूम स्थापित कर प्रतिदिन गोआश्रय स्थलों की सतत निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही, नोडल अधिकारी गोशाला डॉ. राकेश कुमार गौतम, जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी तथा गोआश्रय स्थलों के जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला











Users Today : 62
Users This Year : 24836
Total Users : 37429
Views Today : 100
Total views : 73629