आजमगढ़।
आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को वाराणसी–आजमगढ़ नेशनल हाईवे पर लालगंज बाईपास तिराहे (नहर के समीप) एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विपरीत दिशा से आ रही डीजे वैन और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नरायनपुर नेवादा गांव निवासी विपिन कुमार (18) और चन्द्रभानपुर छावनी निवासी रोहित कुमार (18) बाइक से लालगंज से देवगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वाराणसी से आजमगढ़ की ओर विपरीत पटरी से आ रही डीजे वैन से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को तत्काल सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने विपिन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं रोहित कुमार की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है।











Users Today : 0
Users This Year : 24839
Total Users : 37432
Views Today :
Total views : 73632