चन्दौली डीडीयू नगर
क्रिसमस के अवसर पर भव्य मेले के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रभु ईसा मसीह के जन्मोत्सव को ‘बड़ा दिन’ के रूप में मनाया जाता है। यह उत्सव 24 और 25 दिसंबर को विभिन्न चर्चों में धूमधाम से मनाया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की उम्मीद है।
क्राइस्ट द किंग चर्च के प्रबंधक और डायरेक्टर फादर विजय शांति राज ने बताया कि 25 दिसंबर को प्रभु यीशु का जन्मदिन है, जिसे पूरी दुनिया बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाती है। इसी उत्साह और विश्वास के साथ, स्थानीय आयोजकों ने भी पूरी तैयारी की है।
फादर ने क्रिसमस और नए साल के अवसर पर सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जो भी लोग प्रभु यीशु के दर्शन और आशीर्वाद के लिए आएंगे, उनका स्वागत है।
सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में फादर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कम से कम 100 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें उत्तर प्रदेश पुलिस और आरपीएफ के जवान शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त, कई स्वयंसेवक भी सुरक्षा में सहयोग करेंगे।
आयोजन में सामुदायिक सहयोग भी देखने को मिल रहा है। गुरुद्वारा कमेटी द्वारा जूता स्टैंड की व्यवस्था की जा रही है। फादर ने बताया कि प्रभु यीशु के जन्म की तरह ही एक सुंदर चरनी (गोशाला) बनाई गई है और उसे सजाया गया है। चर्च के अंदर भी एक छोटी चरनी बनाई जाएगी, ताकि श्रद्धालु वहां भी प्रभु यीशु के दर्शन कर सकें।







