डीडीयू नगर में गुरुवार को नगरपालिका परिषद के ईओ/एसडीएम राजीव मोहन सक्सेना के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। लाल बहादुर शास्त्री पार्क से नई सट्टी तक नाली और सड़क पर हुए अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया।
सुबह 11 बजे शुरू हुए इस अभियान में नगरपालिका टीम ने अवैध रूप से किए गए कब्जों को हटाया। दुकानदारों ने नालियों के ऊपर और सड़क पर सामान रखकर अतिक्रमण कर रखा था। टीम ने इन सभी अवरोधों को दूर किया।
अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ दुकानदारों पर जुर्माना भी लगाया गया। छोटे दुकानदारों से 100 से 200 रुपये और बड़े दुकानदारों से 500 से 1000 रुपये तक का जुर्माना वसूला गया। ईओ राजीव मोहन ने बताया कि अभियान के दौरान लगभग 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
ईओ सक्सेना ने दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर कूड़ा न फेंकें और अपनी दुकान के सामने एक डस्टबिन रखें। दुकान का कूड़ा डस्टबिन में डालकर नगरपालिका की गाड़ी आने पर उसमें डालें, ताकि नगर को स्वच्छ रखा जा सके। उन्होंने ‘मेरा सड़क मेरा घर है’ का संदेश भी दिया।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए यह सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नगर में अतिक्रमण करने वाले और सड़क पर कूड़ा फेंकने वाले दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। चेतावनी के बाद भी जो दुकानदार सड़क पर कूड़ा फेंकने से बाज नहीं आएंगे, उनका कूड़ा उनकी दुकान के सामने वापस रखा जाएगा।
समाचार लिखे जाने तक यह अभियान जारी था।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी







