लखनऊ / वाराणसी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में गंगा महोत्सव और देव दीपावली की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने कहा कि देव दीपावली काशी की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का गौरवशाली पर्व है। देश-दुनिया से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में कोई कमी न रहे।
20 से 23 नवंबर तक गंगा महोत्सव, 24 को देव दीपावली
इस वर्ष गंगा महोत्सव 20 से 23 नवंबर तक नमो घाट पर होगा। चारों दिन सांस्कृतिक संध्या होगी, जिसमें स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाई जाएगी।
इस बार सभी पक्के घाटों, गंगा के सामने वाले रेतीले तट और शहर के 100 से अधिक कुंडों पर 11 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसमें महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार दीपक भी शामिल हैं।
24 नवंबर की शाम क्या-क्या होगा खास
– सभी घाटों पर दीप प्रज्वलन
– दशाश्वमेध घाट पर विश्वप्रसिद्ध महाआरती
– चेत सिंह घाट पर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो
– दशाश्वमेध व अस्सी घाट के सामने ड्रोन शो
– काशी विश्वनाथ धाम घाट के सामने ग्रीन आतिशबाजी
सीएम ने निर्देश दिए कि देव दीपावली का उल्लास केवल घाटों तक सीमित न रहे, समूची काशी में दिखे। सारनाथ, मार्कण्डेय महादेव, शूलटंकेश्वर मंदिर और प्रमुख कुंडों पर भी दीपोत्सव के विशेष प्रबंध होंगे। 24 नवंबर को ही गुरु नानक जयंती होने के कारण गुरुद्वारों में लंगर, कीर्तन की व्यवस्था भी समय से पूरी की जाएगी।
गंगा में पहली बार टू-वे लेन सिस्टम
पिछले वर्ष की भीड़ से सीख लेते हुए इस बार नमो घाट से अस्सी घाट के बीच फ्लोटिंग वॉटर जेट्टी लगाकर टू-वे लेन बनाई गई है। नावें नमो घाट से अस्सी घाट की ओर जाएंगी और रेतीले तट की ओर से वापस लौटेंगी। नदी में डीजल चालित और बाहरी नावों पर रोक रहेगी।
सुरक्षा का चाक-चौबंद घेरा
पूरे घाट क्षेत्र को 10 जोन, 21 सेक्टर और 36 सब-सेक्टर में बांटा गया है। 27 वॉच टावर, क्यूआरटी, 21 प्रमुख घाटों पर एंटी-रोमियो स्क्वॉड, निजी गोताखोर और ड्रोन कैमरे तैनात रहेंगे। 11 खोया-पाया केंद्र बनेंगे, ई-स्कूटर पर पर्यटक पुलिस गश्त करेगी। एनडीआरएफ, जल पुलिस और वॉटर एम्बुलेंस लगातार गश्त करेंगी।
जाम से बचने के लिए 7 डायवर्जन, 31 पार्किंग
शहर को जाम से बचाने के लिए 7 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट और 31 पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। भीड़भाड़ वाले मुख्य मार्गों पर ऑटो व ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। आपात स्थिति के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर सहित 14 अस्पतालों को जोड़ते हुए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा।
20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान
मुख्यमंत्री ने पूरे शहर में 20 से 25 नवंबर तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देव दीपावली की रात दीपदान होते ही घाटों की सफाई करा दी जाए, ताकि अगले दिन तड़के स्नान करने वालों को परेशानी न हो। टैक्सी, होटल, रेस्टोरेंट संचालकों से भी सही मूल्य पर सेवा देने के लिए संवाद किया जाएगा।







