जौनपुर
सपा सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की शादी 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में होगी। शादी की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रिया के पिता और सपा विधायक तूफानी सरोज ने बताया कि शादी में 3 हजार लोगों को न्योता दिया जाएगा। पीएम मोदी और सीएम योगी को भी बुलाया जाएगा।
तूफानी सरोज ने कहा –

> “शादी में 3 हजार लोगों को न्योता दिया जाएगा। पीएम मोदी और सीएम योगी को भी बुलाएंगे। मैंने सीएम योगी से मिलने के लिए 15 नवंबर का समय मांगा है।”
गांव में होंगे पारंपरिक कार्यक्रम
तूफानी सरोज ने बताया कि शादी से पहले गांव में उर्दी, मटमंगरा और भतवान जैसे पारंपरिक कार्यक्रम होंगे। जो लोग लखनऊ में होने वाले शादी समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे, उनके लिए गांव में ही व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मुंडन समेत पारंपरिक रस्में गांव से ही होंगी। परिवार 3 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल पहुंचेगा। इसके बाद वहीं पर शादी से जुड़े अन्य कार्यक्रम होंगे।
प्रिया बोलीं – 20 नवंबर से तेज होगी खरीदारी
जौनपुर के मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज ने बताया – हम लोग शादी की शॉपिंग कर रहे हैं। हम दोनों का शेड्यूल बहुत बिजी है। इसलिए सभी काम तेजी से हो रहे हैं।
प्रिया ने बताया – शादी के लिए कपड़ों की खरीदारी की जा रही है। अभी तैयारियों के लिए समय है, लेकिन 20 नवंबर से काम और तेज कर दिया जाएगा। गांव में भी एक कार्यक्रम होगा, जिसमें स्थानीय लोग शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रिंकू सिंह का क्रिकेट शेड्यूल व्यस्त रहेगा। मेरा भी सांसद का कार्यक्रम है। हम दोनों के व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए शादी की तैयारियां पहले से की जा रही हैं, जिससे सभी रस्में तय समय पर पूरी हो सकें।
पुराने घर से होंगी हल्दी समेत पारंपरिक रस्में
तूफानी सरोज ने बताया कि उनकी बहनों की शादी जहां से हुई थी, वहीं से बेटी की भी हल्दी समेत अन्य रस्में कराई जाएंगी। परिवार के सभी घर बच्चों और परिवार के ही हैं। इसलिए सभी पारंपरिक कार्यक्रम परिवार के पुराने घर से ही संपन्न कराए जाएंगे।
शाहरुख खान के आने की गारंटी नहीं
शाहरुख खान जैसी सेलिब्रिटीज के शादी में शामिल होने की चर्चाओं पर तूफानी सरोज ने कहा कि अभी किसी के आने की गारंटी नहीं है। जो भी आ जाए, उसका स्वागत है।
विधायक ने बताया कि शादी की तैयारियों के शुरुआती दौर में सबसे बड़ी चुनौती निमंत्रण पत्र बांटने को लेकर होती है। मैं गाजीपुर से 10 साल सांसद रहा हूं। ऐसे में वहां के प्रमुख लोगों और गांव के परिचितों की सूची तैयार करना काफी जटिल काम है।
पिछले साल जून में हुई थी दोनों की रिंग सेरेमनी
भारतीय टीम के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की सगाई 8 जून, 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में हुई थी।
इस हाई-प्रोफाइल सगाई समारोह में अखिलेश यादव, जया बच्चन और तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार जैसी क्रिकेट और राजनीति जगत की कई नामचीन हस्तियां शामिल हुई थीं। रिंग सेरेमनी में 300 लोगों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन करीब 1,000 लोग पहुंच गए थे। इस बार 3,000 लोगों को निमंत्रण देने का लक्ष्य रखा गया है।
शादी समारोह में मुख्यमंत्री समेत राजनीति और क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
रिपोर्ट – जगदीश शुक्ला






