लखनऊ
राज्य कर विभाग की डिप्टी कमिश्नर अनुपम सरोज का स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) का आवेदन शासन ने मंजूर कर लिया है। राज्य कर अनुभाग-1 की ओर से 28 अक्टूबर को जारी कार्यालय आदेश के मुताबिक अनुपम सरोज को 31 अक्टूबर 2026 से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति प्रदान की गई है।
अनुपम सरोज ने VRS के लिए 11 जून 2026 को आवेदन किया था। इसके बाद राज्य कर मुख्यालय की ओर से 17 जुलाई को उनका आवेदन शासन को भेजा गया। 21 अक्टूबर को ई-मेल के जरिये किए गए अनुरोध पर शासन स्तर पर विचार के बाद अब उनका VRS मंजूर कर दिया गया है।
VRS मंजूर होने के बाद अनुपम सरोज के राजनीतिक क्षेत्र में आने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। चर्चा है कि वह सीतापुर जिले की सिधौली विधानसभा सीट (अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित) से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि इस संबंध में अभी किसी भी पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
अनुपम सरोज राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह समाजवादी पार्टी की पूर्व सांसद सुशीला सरोज की बेटी हैं। उनके पति अनुराग भदौरिया समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता हैं। ऐसे में सरकारी सेवा से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद उनके सक्रिय राजनीति में आने की अटकलों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि दिव्या मित्तल के बाद यह दूसरा मामला है, जब किसी महिला अधिकारी ने सेवा से VRS लेकर राजनीति की ओर कदम बढ़ाया है।







