जौनपुर। दिवाली के त्योहार पर जौनपुर पुलिस ने सैकड़ों लोगों को बड़ा तोहफा दिया है। साइबर क्राइम सेल और साइबर क्राइम थाना पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से बड़ी सफलता हासिल करते हुए 301 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने जौनपुर पुलिस का आभार जताया।
इस बड़ी कार्रवाई के साथ ही जौनपुर पुलिस ने अब तक कुल 2,609 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस लौटाए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ 52 लाख रुपये है।
एसएसपी डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर चला अभियान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ. यशवीर सिंह (IPS) के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चन्द्रशेखर (IPS), नोडल अधिकारी साइबर क्राइम के कुशल निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी (IPS) के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और गुमशुदगी के प्रार्थना पत्रों के आधार पर मोबाइल फोन की तलाश शुरू की। तकनीकी जांच और लगातार प्रयासों के बाद 301 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।
यूपी के कई जिलों से लेकर दूसरे राज्यों तक पहुंची पुलिस की तलाश
पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बरामद मोबाइल केवल जौनपुर तक सीमित नहीं थे। आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से मोबाइल बरामद किए गए।
इसके अलावा दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे दूसरे राज्यों से भी गुमशुदा मोबाइल फोन खोज निकाले गए।बरामद मोबाइलों में वनप्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया, एप्पल और सैमसंग समेत कई नामी कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।
एसपी सिटी ने मोबाइल स्वामियों को सौंपे फोन
पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चन्द्रशेखर (IPS) ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को वितरित किए। लंबे समय से अपने खोए हुए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों को जब दिवाली के अवसर पर उनका फोन वापस मिला तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सभी ने जौनपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
एसपी सिटी की अपील: मोबाइल खोने पर तुरंत करें शिकायत
एसपी सिटी ने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने पर सबसे पहले नजदीकी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराएं और इसके बाद CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस अभियान में प्रभारी निरीक्षक साइबर क्राइम सेल उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक नीलम सिंह, आलोक सिंह सहित साइबर क्राइम थाना के पुलिसकर्मियों और जनपद के विभिन्न थानों में नियुक्त साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
साइबर अपराध से बचने के लिए पुलिस की जरूरी सलाह
* मोबाइल गुम होने पर थाने में शिकायत दर्ज कराकर CEIR पोर्टल पर आवेदन करें।
* अनजान कॉल पर किसी के बताए निर्देशों का पालन न करें।
* बैंक संबंधी संदिग्ध संदेश मिलने पर सीधे बैंक जाकर जानकारी लें।
* अज्ञात लिंक पर क्लिक या QR कोड स्कैन न करें।
* किसी के कहने परAnyDesk, TeamViewer या QuickSupport जैसे रिमोट ऐप इंस्टॉल न करें।
* अपनी व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें।
* पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी UPI PIN या MPIN डालने की जरूरत नहीं होती।
जौनपुर पुलिस का संदेश: साइबर अपराध के प्रति जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है। किसी भी साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें।
खोए हुए मोबाइल की तलाश में जौनपुर पुलिस की यह बड़ी सफलता न सिर्फ लोगों की दिवाली खुशियों से भर गई, बल्कि साइबर तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल की भी मिसाल बन गई।







