वाराणसी। आगामी छठ पूजा एवं देव दीपावली पर्व को देखते हुए नगर निगम द्वारा घाटों पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा तथा स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।इसी क्रम में आज महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अस्सी घाट से पैदल एवं नाव के माध्यम से गंगा घाटों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सीढ़ियों की स्थिति, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
महापौर ने कहा कि काशी में छठ पूजा एवं देव दीपावली का विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। इन पर्वों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का आगमन होता है। ऐसे में नगर निगम की प्राथमिकता है कि सभी घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश, सुरक्षा एवं नागरिक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों की नियमित एवं विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जहां कहीं भी मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था अथवा अन्य आवश्यक कार्यों की जरूरत है, उन्हें समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए। साथ ही पर्वों के दौरान घाटों पर निरंतर निगरानी रखते हुए व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पूजा एवं देव दीपावली के आयोजन से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं, जिससे काशी आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।








