चन्दौली
मार्ग पर डिग्घी पेट्रोल पंप के पास सोमवार को दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल ले जाते समय एक बाइक सवार ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल का उपचार चल रहा है। घटना के बाद मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, आवाजापुर निवासी कृपाशंकर सिंह अपनी दो पुत्रियों जूही और रिया को लेकर अपने ससुराल विकास खंड बरहनी के अरंगी जा रहे थे। डिग्घी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही वह बाइक लेकर धीना अमड़ा मार्ग पर पहुंचे, तभी अमड़ा की तरफ से आ रहे सिकठा निवासी रामसूरत सिंह की बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरहनी पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।जिला अस्पताल ले जाते समय रामसूरत सिंह की रास्ते में ही मौत हो गई। वहीं हादसे में रामसूरत सिंह का पौत्र अंशुमान और कृपाशंकर सिंह की दोनों पुत्रियां जूही व रिया बाल-बाल बच गईं।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।







