पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), शनिवार।
वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित एयर शो के दूसरे दिन शनिवार को भारतीय वायुसेना के करतब देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। एयर शो को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे लोग अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना रहे हैं और सेल्फी लेकर इस रोमांचक नजारे को यादगार बना रहे हैं। भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ), वाराणसी पुलिस और पीएसी के जवानों को विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी पर लगाया गया है। सभी सुरक्षा कर्मी भीड़ को नियंत्रित करने, लोगों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद हैं।
वहीं, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए यातायात पुलिस के अधिकारियों ने भी निरीक्षण किया। अधिकारियों की ओर से व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और भीड़ के दबाव को देखते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सुरक्षा निगरानी को मजबूत करने के लिए वाराणसी स्मार्ट सिटी की ओर से जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनके माध्यम से आयोजन स्थल और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखना है।
एयर शो को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है। बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने से आयोजन स्थल पर चहल-पहल बनी हुई है। अनुमान के मुताबिक, करीब पांच लाख से अधिक लोगों की भीड़ पहुंची है। प्रशासनिक टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।







