चन्दौली सकलडीहा
क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत परिषदीय अनुदेशकों ने बकाया एरियर भुगतान एवं वर्तमान पद पर नियमितीकरण की मांग को लेकर गुरुवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर को उनके सकलडीहा स्थिति आवास पर मिलकर ज्ञापन सौंपकर शासन स्तर पर प्रभावी पहल करने का अनुरोध किया ।
ज्ञापन के माध्यम से उन्हें अवगत कराया गया कि प्रदेश के उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत परिषदीय अनुदेशक विगत लगभग 14 वर्षों से शिक्षा व्यवस्था में अपना योगदान दे रहे हैं। सीमित मानदेय एवं विभिन्न आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद अनुदेशक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय के दिनांक 4 फरवरी 2026 के आदेश के अनुपालन के संदर्भ में अनुदेशकों के बकाया एरियर भुगतान तथा सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई। अनुदेशकों का कहना है कि वर्षों से सेवा देने वाले कर्मचारियों के आर्थिक हितों, सम्मान और सुरक्षित भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनकी लंबित समस्याओं का समाधान किया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांग की गई कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश एवं लागू शासनादेशों के अनुरूप अनुदेशकों के देय बकाया एरियर का आकलन कराकर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही अनुदेशकों को उनके वर्तमान पद पर नियमित किए जाने के संबंध में आदेश का विधिसम्मत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
इसके अतिरिक्त संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने, लंबित समस्याओं के निस्तारण के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने तथा अनुदेशकों के लंबे सेवाकाल और उनके योगदान को ध्यान में रखते हुए आर्थिक एवं सेवा संबंधी सुरक्षा प्रदान करने की मांग भी की गई।
अनुदेशकों ने आशा व्यक्त की कि कैबिनेट मंत्री इस विषय की गंभीरता को समझते हुए संबंधित विभाग एवं शासन के समक्ष उनकी मांगों को प्रभावी ढंग से रखेंगे, जिससे बकाया एरियर भुगतान और वर्तमान पद पर नियमितीकरण की दिशा में ठोस प्रगति हो सके।
अनुदेशकों का कहना है कि उनकी मांगें वर्षों की सेवा के सम्मान, आर्थिक स्थिरता और सुरक्षित भविष्य से जुड़ी हैं। उन्हें उम्मीद है कि शासन उनकी समस्याओं पर संवेदनशीलता से विचार करते हुए न्यायोचित समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा। इस दौरान परिषदीय अनुदेशक उत्थान समिति के जिला प्रवक्ता अमरनाथ राय , नरेंद्र कुमार , संतोष कुमार सहित दर्जनों अनुदेशक उपस्थित रहे ।







