मीरजापुर | समाजवादी पार्टी द्वारा निकाले गए विशाल पीडीए मार्च ने जनपद का सियासी पारा चढ़ा दिया। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और महात्मा गांधी की तस्वीर लगे रथ के साथ हजारों की संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च निकाला।
यह पैदल मार्च तहसील चौराहा स्थित जैनाथ उत्सव भवन से शुरू होकर पुलिस लाइन, रमईपट्टी, कचहरी होते हुए जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट पहुँचा, जहाँ सभा कर भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने कहा कि यह जनसैलाब लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरा है। आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और आम जनमानस के वोट के अधिकार पर चोट पहुंचाई जा रही है।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव ने मांग की कि चुनाव प्रक्रिया में धांधली और मतदाता सूचियों में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कानूनी और देशद्रोह जैसी कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब द्वारा गरीब और कमजोर वर्ग को दिया गया मताधिकार ही लोकतंत्र की आत्मा है, इसमें सेंधमारी का प्रयास हुआ तो आंदोलन और तीव्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव किसी दल विशेष की लड़ाई नहीं, बल्कि लोकतंत्र को खत्म करने वालों और बचाने वालों के बीच सीधा मुकाबला होगा।
पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल ने कहा कि अब पीडीए समाज जाग गया है और वर्चस्ववादियों की गीदड़ भभकियों से डरने वाला नहीं है। जैसे 2024 के लोकसभा चुनाव में पीडीए समाज ने अहंकारी प्रभुत्ववादियों को धूल चटाई थी, वैसे ही 2027 के विधानसभा चुनाव में भी होगा।
पूर्व मंत्री कैलाश चौरसिया ने कहा कि पीडीए समाज ने ठान लिया है कि इस बार वो अपनी सरकार बनाएंगे। मुख्यमंत्री के रुख से साफ है कि उनके शासन में पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आदिवासी और आधी आबादी यानी पीडीए समाज के खिलाफ अन्याय और उत्पीड़न रुकने वाला नहीं है।
पूर्व विधायक जगतम्बा सिंह पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग का दुरुपयोग कर रही है। देश भर में करोड़ों की संख्या में वोट काटे गए हैं, जिसका परिणाम है कि बिहार व पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग ने मतदाताओं के नाम काटकर उन्हें वोट से वंचित किया है। इसमें सरकार और चुनाव आयोग की साजिश है।
जनसभा के समापन से पूर्व अनुच्छेद 326 मताधिकार के हक का वाचन एवं राष्ट्रगान किया गया। धरना प्रदर्शन की अध्यक्षता कार्यवाहक जिलाध्यक्ष अशोक यादव व संचालन जिला महासचिव आदर्श यादव ने किया।
इस मौके पर सुरेन्द्र सिंह पटेल, आशीष यादव, मुन्नी यादव, परवेज खान, रोहित शुक्ला, कीर्ति कोल, रविन्द्र बहादुर, दामोदर मौर्या, रामराज पटेल, राजेश भारती, विशाल यादव, परवीन बानो, डॉ. सुनील पटेल, राणा प्रताप सिंह, सत्यप्रकाश यादव, विजय बाबू मिश्रा, रत्नेश श्रीवास्तव, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, लल्लू दूबे, पियूष यादव, डॉ. अरविन्द श्रीवास्तव सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।











Users Today : 53
Users This Year : 29101
Total Users : 41694
Views Today : 94
Total views : 80486