गाजीपुर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गाजीपुर की कोतवाली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान सेमरा हाईवे स्थित बस स्टैंड के पास से दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 534 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 3 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान साहुल यादव (निवासी भनदहा कला, थाना चौबेपुर, जनपद वाराणसी) और रवि राजभर (निवासी कौला जखनिया, थाना भुड़कुड़ा, जनपद गाजीपुर) के रूप में हुई है। तस्करों के पास से नशीले पदार्थ के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा और विवेक कुमार पाठक की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उनके नेटवर्क और अन्य संपर्कों की जांच में जुट गई है।







