नमो घाट पर भव्य एयर शो की तैयारियों का अधिकारियों ने लिया जायजा, सुरक्षा व यातायात को लेकर दिए कड़े निर्देश

Picture of Shauryanewsindia220@gmail.com

Shauryanewsindia220@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली

गंगा के तट पर स्थित प्रसिद्ध नमो घाट पर आगामी दिनों में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित और भव्य एयर शो को लेकर प्रशासनिक व पुलिस महकमे ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

कार्यक्रम को भव्य और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने वरिष्ठ अधिकारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, दर्शक दीर्घा, भीड़ प्रबंधन और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों को पूरी तरह से अतिक्रमण मुक्त रखा जाए, ताकि आने-जाने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

एयर शो के दौरान स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और दूर-दराज से आने वाले दर्शकों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए एक विशेष रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रमुख चौराहों और नमो घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही वाहनों के व्यवस्थित आवागमन के लिए पर्याप्त पार्किंग स्थलों को चिह्नित कर वहां आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने उपस्थित सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन से जुड़े सभी विभाग आपस में बेहतर समन्वय बनाकर समय से अपनी तैयारियां पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा और व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्थलीय निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, अधिशासी अभियंता (प्रांतीय खंड) राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार, उप जिलाधिकारी (पीडीडीयू नगर), अधिशासी अधिकारी (पीडीडीयू नगर), ट्रैफिक इंस्पेक्टर सहित पुलिस व सिविल प्रशासन के कई अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट – आलिम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत थाना जंसा पुलिस द्वारा परिवार परामर्श केंद्र से लाभान्वित परिवारों को सम्मानित करने एवं छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान व नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के संबंध में।